देवघर/रांची: श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ मंदिर में इस बार किसी भी तरह के VIP या VVIP दर्शन की सुविधा नहीं मिलेगी। झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए स्पष्ट कर दिया है कि मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी या किसी विशेष श्रेणी के व्यक्ति को अलग से प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार से ही बाबा के दर्शन और जलार्पण करना होगा। इस संबंध में गृह सचिव वंदना डाडेल ने आदेश जारी कर सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को सख्ती से निर्देश दिया है कि श्रावणी मेले के दौरान किसी भी प्रकार की सिफारिश, विशेष पास या आउट-ऑफ-टर्न दर्शन की व्यवस्था लागू नहीं होगी। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए समान, पारदर्शी और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
प्रशासन का मानना है कि सावन महीने में लाखों श्रद्धालु देवघर और बासुकीनाथ पहुंचते हैं। ऐसे में VIP व्यवस्था के कारण आम श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी और भीड़ प्रबंधन प्रभावित होता था। इस बार एक समान कतार व्यवस्था लागू होने से भीड़ नियंत्रण बेहतर होगा और श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक तरीके से दर्शन का अवसर मिलेगा। श्रावणी मेला 2026 को लेकर सरकार ने तकनीकी सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए AI आधारित निगरानी, QR कोड व्यवस्था, बेहतर सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, टेंट सिटी और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार लाखों श्रद्धालु बाबा नगरी पहुंचेंगे और सभी को सुचारू दर्शन की सुविधा मिलेगी।