कोकर से लापता 18 माह की अदिति का दुखद अंत, नाले से मिला शव; डीएनए और एफएसएल रिपोर्ट से खुलेगा राज

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर खोरहा टोली से रविवार को लापता हुई 18 महीने की मासूम अदिति पांडे का शव मंगलवार को गाड़ीगांव इलाके के एक बड़े नाले से बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार, अदिति रविवार शाम अपने घर के पास खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई थी. काफी तलाश के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने सदर थाना में इसकी सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस की कई टीमों के साथ एनडीआरएफ को भी तलाश अभियान में लगाया गया था. बच्ची का सुराग देने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी.

चूंकि बच्ची के घर के पास ही बड़ा नाला बहता है, इसलिए पुलिस को शुरू से ही आशंका थी कि वह हादसे का शिकार होकर नाले में गिर गई होगी. लगातार चल रहे अभियान के दौरान मंगलवार को गाड़ीगांव इलाके के नाले से एक शव बरामद किया गया, जिसे अदिति का बताया जा रहा है.

हालांकि पुलिस ने अभी शव की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि बरामद हड्डियों का डीएनए प्रोफाइल और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से कहा जा सकेगा कि शव अदिति का ही है या नहीं. डॉक्टरों की टीम भी हड्डी के नमूनों की विस्तृत जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, शव का कुछ हिस्सा कुत्तों द्वारा नोचा जा चुका था. कुत्तों की गतिविधि देखने के बाद ही स्थानीय लोगों और पुलिस को शव की जानकारी मिली. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *