लोहरदगा: पुलिस ने 30 जुलाई को शहर में हुई तीन सनसनीखेज घटनाओं का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल रौशन नाथ शाहदेव (लोहरदगा) और हसमथ राजा (गुमला) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक जिंदा .315 बोर की गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की शाम पहले अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया गया। इसके कुछ ही देर बाद पतराटोली स्थित एक पेट्रोल पंप पर भी कैश लूटने की कोशिश की गई। जब वहां भी आरोपी सफल नहीं हुए तो पास के प्रिया स्टोर में घुसकर संचालक शुभम कुमार को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल शुभम को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी, मोबाइल सीडीआर और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर 1 अगस्त की सुबह लोहरदगा के ओयना गांव स्थित एक बंद मकान से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव ने बताया कि खत्री ज्वेलर्स में पहले हुई कहासुनी और दुकानदार के कथित दुर्व्यवहार से नाराज होकर उसने हथियार निकालकर सोने की चेन लूटने की कोशिश की थी, लेकिन दुकानदार ने उसका हथियार छीनकर उसे भगा दिया। इसके बाद दोनों आरोपी एक छिपे स्थान से देशी कट्टा लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे और वहां भी लूट का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, शुभम कुमार की हत्या के संबंध में मुख्य आरोपी ने दावा किया कि उसे संदेह था कि शुभम उसके विरोधी और पूर्व पीएलएफआई कमांडर संदीप भगत के लिए मुखबिरी करता था। इसी शक में उसने शुभम को गोली मार दी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच की जा रही है।
आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद कर ली गई है। वहीं, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए रांची में भी छापेमारी जारी है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।