रांची: राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार देर रात पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित करीब दो दर्जन बार और पब में एक साथ छापेमारी की गई।
यह अभियान चुटिया, लालपुर, कोतवाली, अरगोड़ा, डोरंडा और बरियातू थाना क्षेत्रों सहित कई इलाकों में चलाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने बार एवं पब के लाइसेंस, संचालन के निर्धारित समय, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, कर्मचारियों के दस्तावेज और अन्य आवश्यक नियमों के अनुपालन की जांच की। साथ ही वहां मौजूद ग्राहकों का भी सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। जिन स्थानों पर नियमों के उल्लंघन की आशंका मिली है, वहां संबंधित बिंदुओं की जांच जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
हालांकि, देर रात तक किसी प्रतिष्ठान पर हुई अंतिम कार्रवाई या अनियमितताओं की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई थी। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट साझा की जाएगी।