रांची: राजधानी रांची का हरमू बाईपास गुरुवार को उस वक्त रणक्षेत्र में बदल गया, जब NEET पेपर लीक और JPSC विवाद को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। विरोध-प्रदर्शन के दौरान माहौल इतना गरमा गया कि नारेबाजी के बीच पत्थरबाजी, टमाटर और पानी की बोतलें फेंके जाने की घटनाएं सामने आईं।

भाजपा कार्यालय घेरने निकले कांग्रेसी
कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव के लिए निकले थे। हरमू बाईपास पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस ने छोड़ी वाटर कैनन
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों के नहीं मानने पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद हल्का बल प्रयोग भी किया गया। हंगामे के कारण कुछ समय तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पत्थरबाजी में कई घायल
प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। मौके पर मौजूद कुछ पत्रकार भी इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद हरमू बाईपास और भाजपा कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

भाजपा का कांग्रेस पर हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने JPSC मामले में हुई कार्रवाई को सिर्फ दिखावटी कदम बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
वायरल हुआ अलग नजारा
हंगामे और तनाव के बीच एक वीडियो भी चर्चा में आ गया, जिसमें ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी कार्यकर्ताओं के साथ झूमती नजर आईं। यह वीडियो सोशल media पर तेजी से वायरल हो रहा है।