रांची: यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (वाईएचएआई), झारखंड राज्य शाखा एवं रांची यूनिट द्वारा रांची विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित 7वाँ झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 गुरुवार को रांची विश्वविद्यालय के मोराबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 17 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार थे। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सी.पी. सिंह, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर, सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) जगनाथन चोकलिंगम, बिपिन कुमार राय, मनरखन महतो और विष्णु अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य शाखा के अध्यक्ष डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी (आईएएस) ने की। स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड उन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित करने का मंच है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज, राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है तथा नई पीढ़ी के लिए आदर्श स्थापित किए हैं।
अपने संबोधन में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भारत के युवा आज अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के बल पर वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं और युवाओं को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
वहीं, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि सम्मान केवल किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि उसके द्वारा स्थापित सामाजिक मूल्यों, उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों का होता है। उन्होंने कहा कि यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया जैसे संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, साहसिकता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
इन 17 हस्तियों को मिला झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026
- प्रो. गोपाल पाठक – लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड (शिक्षा)
- इम्तियाज अली – फिल्ममेकिंग अवार्ड (अनुपस्थिति में उदय साहू ने पुरस्कार ग्रहण किया)
- राजेश कुमार – एक्टिंग इन सिनेमा अवार्ड
- पंकज दुबे – राइटर एंड स्टोरीटेलर अवार्ड
- श्रीमती रोशनी खलखो – सोशल लीडरशिप एंड कम्युनिटी सर्विस अवार्ड
- रिद्धिमा पाठक – स्पोर्ट्स एंकरिंग एंड ब्रॉडकास्टिंग अवार्ड
- डॉ. प्रेम कुमार – हेल्थकेयर एंड सर्जरी अवार्ड
- राकेश रमन – थिएटर एंड लिटरेचर अवार्ड
- संजय मिश्रा – जर्नलिज्म अवार्ड
- प्रो. (डॉ.) अजय कुमार चट्टोराज – एजुकेशनल लीडरशिप अवार्ड
- साक्षी जैन – डिजिटल एजुकेशन एंड कंटेंट क्रिएशन अवार्ड
- सुनील सूर्यांत – रिन्यूएबल एनर्जी एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट अवार्ड
- शुभ लक्ष्मी शर्मा – क्रिकेट एक्सीलेंस अवार्ड
- एल. प्लाटोदीप सिंह – वुशु एक्सीलेंस अवार्ड
- प्रशांत सूरज – इवेंट मैनेजमेंट एंड इनोवेशन अवार्ड
- वैशाली राज – इमर्जिंग एक्सीलेंस अवार्ड (पत्रकारिता)
- राजू तिर्की – इमर्जिंग एक्सीलेंस अवार्ड (अभिनय)
कार्यक्रम के दौरान यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों, ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, हिमालयन एक्सपीडिशन, राष्ट्रीय एकता शिविर, व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों पर विशेष प्रस्तुति भी दी गई। बताया गया कि झारखंड के युवा हर वर्ष देशभर में आयोजित विभिन्न साहसिक अभियानों में भाग लेकर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
समारोह में शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों, न्यायविदों, उद्योगपतियों, चिकित्सकों, साहित्यकारों, कलाकारों, खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुनील साहू, मनोज महतो, रंजन सिन्हा, डॉ. कविता सिंह, अनिका सिंह, जयश्री साहू, शैलेन्द्र दुबे, रत्नेश कुमार, चंचल भट्टाचार्य, कुणाल साह, आकाश अंकुर, सौम्य और पिंटू दुबे सहित कई सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के अंत में शिवेन्द्र दुबे ने सभी अतिथियों, सम्मानित विभूतियों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।