रांची: बकरीद पर्व को लेकर झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी किया है। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश भेजे गए हैं। इस बार बकरीद 28 मई को मनाई जानी है, हालांकि चांद दिखने के आधार पर तारीख में बदलाव संभव है।
स्पेशल ब्रांच ने खासतौर पर गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद और साहेबगंज जैसे संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है। पुलिस मुख्यालय ने पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, बकरीद के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और राजस्थान से अवैध पशु तस्करी की आशंका जताई गई है। विशेष रूप से ऊंट और प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं और चेक पोस्टों पर सघन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। साथ ही अवैध बूचड़खानों और प्रतिबंधित मांस की बिक्री पर भी सख्ती बरती जाएगी।
पुलिस ने यह भी कहा है कि वैध पशुओं को ले जाने के दौरान किसी संगठन या गौ रक्षक समूह द्वारा मारपीट या जबरन रोकने जैसी घटनाओं पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न न हो।
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। फेसबुक, व्हाट्सएप, यूट्यूब और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ पोस्ट, वीडियो या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सीधी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया पेज, जो धार्मिक या सामुदायिक भावनाएं भड़काने का प्रयास करेंगे, उनके एडमिन का नाम और मोबाइल नंबर ट्रैक किया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय ने हाल के वर्षों में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए सभी जिलों को सतर्क रहने को कहा है। हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो और पाकुड़ में बकरीद के दौरान पहले भी तनाव, पथराव, आगजनी और हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।