करम महोत्सव में बोलीं शिल्पी नेहा तिर्की- आदिवासी ज्ञान और संस्कृति को सम्मान देना जरूरी

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: रांची विश्वविद्यालय के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा संकाय के अखड़ा में आयोजित करम महोत्सव में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने करम पर्व को प्रकृति, परंपरा, संस्कृति और सामुदायिक जीवन-दर्शन से जोड़ते हुए कहा कि यह केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर है। मंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से पारंपरिक ज्ञान, जीवन-पद्धति और संस्कृति को आगे बढ़ाता आया है। जल, जंगल और जमीन के साथ संतुलित जीवन तथा प्रकृति संरक्षण की आदिवासी परंपराओं से आज के आधुनिक समाज को भी सीखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को सिर्फ योजनाओं के लाभार्थी के रूप में देखने के बजाय उसके ज्ञान, अनुभव और जीवन-दृष्टि को समझना जरूरी है। विकास की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पारंपरिक ज्ञान और अनुभव को भी उचित सम्मान और स्थान मिलना चाहिए।

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आदिवासी समाज भारत की प्राचीन सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आदिवासी भाषाओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों, पारंपरिक ज्ञान और अखड़ा जैसी सामुदायिक संस्थाओं का संरक्षण भी सांस्कृतिक संरक्षण का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाषा, गीत, नृत्य और अखड़ा केवल संस्कृति के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि पीढ़ियों से चले आ रहे ज्ञान, स्मृति, संवाद और सामुदायिक पहचान के माध्यम हैं। अखड़ा सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक हस्तांतरण की महत्वपूर्ण कड़ी रहा है, इसलिए इसे मजबूत करना सामूहिक जिम्मेदारी है।

करम पर्व की प्रासंगिकता पर उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और टिकाऊ विकास जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे समय में प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की आदिवासी जीवन-दृष्टि और पारंपरिक ज्ञान की उपयोगिता और बढ़ जाती है। मंत्री ने कहा कि करम पर्व नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक पहचान से जोड़ने का अवसर देता है। इस विरासत को केवल उत्सवों तक सीमित न रखते हुए इसके मूल्यों और ज्ञान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने करम पर्व को प्रकृति के प्रति सम्मान, समुदाय के प्रति जिम्मेदारी और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश देने वाला पर्व बताया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *