रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार विरोध-प्रदर्शन के बीच अब अखिल भारतीय छात्र संघ (AISA) ने भी स्टेडियम में अपना अलग टेंट खड़ा कर दिया है। इसके बाद आंदोलन स्थल पर छात्र संगठनों की सक्रियता और तेज हो गई है। AISA के अलग टेंट को लेकर आंदोलन में किसी तरह की दूरी की अटकलों के बीच संगठन ने साफ कर दिया है कि अलग टेंट का मतलब अलग आंदोलन नहीं है। संगठन का कहना है कि JPSC-JSSC में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों की लड़ाई में AISA पूरी मजबूती के साथ खड़ा है।
AISA के प्रदेश सचिव त्रिलोकी नाथ ने कहा कि अलग टेंट सिर्फ संगठन की अपनी गतिविधियों और कार्यक्रमों के संचालन के लिए लगाया गया है। इसका मकसद छात्र आंदोलन को कमजोर करना या आंदोलन से अलग होना बिल्कुल नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों का असली मुद्दा परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ी, पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। इन मुद्दों पर सभी छात्र संगठनों की लड़ाई एक है और छात्रों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्टेडियम में अलग-अलग छात्र संगठनों की बढ़ती सक्रियता के बीच अब JPSC-JSSC आंदोलन और भी गरमाता दिखाई दे रहा है। छात्रों की मांगों को लेकर सरकार पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।