Ranchi: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के बीच सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी से जुड़े 27 नक्सली गुरुवार सुबह 11 बजे सामूहिक रूप से आत्मसमर्पण करेंगे। सरेंडर करने वालों में SSC सदस्य, एरिया कमांडर और सक्रिय कैडर शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, सभी नक्सली लंबे समय से कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय थे और हत्या, सुरक्षाबलों पर हमला, विस्फोट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित थे। लगातार चल रहे ऑपरेशन और सुरक्षा बलों की बढ़ती दबिश के कारण इन नक्सलियों ने हथियार छोड़ने का फैसला लिया है।
सरेंडर करने वालों में 7 विशेष क्षेत्र समिति (SSC) सदस्य, 7 एरिया कमांडर और 13 सक्रिय कैडर शामिल हैं। इनमें कई इनामी नक्सली भी हैं, जिन पर ₹5 लाख तक का इनाम घोषित था।
SSC सदस्य गादी मुण्डा उर्फ गुलशन, नागेंद्र मुण्डा, रेखा मुण्डा और सागेन आंगारिया जैसे बड़े नाम शामिल हैं। वहीं बासुमती जेराई, रघु कायम और किशोर सिरका जैसे एरिया कमांडर भी आत्मसमर्पण करेंगे।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस बड़े सरेंडर से कोल्हान इलाके में माओवादियों की पकड़ कमजोर होगी और झारखंड में नक्सल अभियान को बड़ी सफलता मिलेगी।