रांची: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय कार्यालय रांची, परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों तथा झारखंड के सभी टोल प्लाजा में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)” रही, जिसके अनुरूप अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योग सत्र में भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक फिटनेस और मानसिक संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान नियमित योग, तनाव प्रबंधन और समग्र स्वास्थ्य के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर NHAI रांची के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने नियमित रूप से योग करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। NHAI रांची द्वारा कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर ऐसे जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्य संवर्धन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।