रांची: झारखंड की राजनीति के लिए मंगलवार का दिन बेहद भावुक रहा। राज्य के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक के निधन से पूरे राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और कहा कि मन्नान मल्लिक का पूरा जीवन जनता की सेवा, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने विशेष रूप से धनबाद सहित पूरे झारखंड की आवाज़ को मजबूती से उठाया। उनका निधन राज्य की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने मन्नान मल्लिक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक दलों, समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर फैल गई। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी।