रामगढ़: जिले के कुजू थाना क्षेत्र स्थित अरगड्डा में शनिवार को अवैध कोयला खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान के अंदर काम कर रहे लोगों के ऊपर अचानक मिट्टी और मलबा धंस जाने से चार लोगों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और माइंस रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने खदान में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि अवैध खनन किसके संरक्षण में किया जा रहा था और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में अवैध कोयला खनन को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठते रहे हैं। बावजूद इसके इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने से एक बार फिर चार परिवारों को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ी है।
अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा, खदान धंसने से चार लोगों की मौत
Leave a Comment