गुमला: झारखंड के गुमला जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के करंज थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके भाई की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के चट्टी बड़ागाई निवासी नेहा कुमारी और उसके भाई अरुण के रूप में हुई है। परिजनों ने इस वारदात के लिए नेहा के पति संजीत प्रमाणिक और उसके साथियों को जिम्मेदार ठहराया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि संजीत प्रमाणिक गुमला जिले के दूधिया गांव का निवासी है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, नेहा अपने बेटे से मिलने के उद्देश्य से बुधवार की शाम अपने पति के गांव पहुंची थी। उसके साथ उसका भाई अरुण भी था। आरोप है कि गांव पहुंचने के कुछ ही देर बाद संजीत ने अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ दोनों को जबरन वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया और खूंटी थाना क्षेत्र की ओर ले गया।
परिवार का आरोप है कि देर रात आरोपियों ने नेहा और अरुण पर पत्थरों तथा धारदार हथियारों से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस परिजनों के लगाए गए आरोपों सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।