रांची में तेज रफ्तार पर शिकंजा, SVD कैमरे से कटेगा ऑनलाइन चालान

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: में अब तेज रफ्तार वाहन चलाना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। शहर की सड़कों पर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों पर ट्रैफिक पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। इसके लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर स्पीड वायलेशन डिटेक्टर (SVD) कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों की मदद से वाहन की रफ्तार के साथ उसकी नंबर प्लेट भी रिकॉर्ड की जाएगी। तय सीमा से अधिक गति मिलने पर वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन चालान की सूचना भेजी जाएगी। पहली बार तेज रफ्तार का नियम तोड़ने पर 1,000 रुपये का चालान लगाया जा सकता है। वहीं, बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। तीन से अधिक चालान होने पर वाहन जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

ऐसे काम करेगा SVD कैमरा

SVD कैमरा सड़क पर गुजर रहे वाहनों की गति को मापेगा और नंबर प्लेट की तस्वीर रिकॉर्ड करेगा। यदि वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में पाया जाता है तो सिस्टम के जरिए ऑनलाइन चालान जारी किया जाएगा। चालान की जानकारी वाहन मालिक के मोबाइल पर भेजी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, चालान का भुगतान नहीं करने पर वाहन को ट्रैफिक पुलिस या जिला परिवहन विभाग की मदद से ट्रैक किया जा सकता है। साथ ही वाहन के खिलाफ पहले जारी किए गए चालानों का रिकॉर्ड भी देखा जाएगा।

इन इलाकों में रहेगी कैमरे की नजर

  • खरसीदाग, रांची-टाटा मार्ग
  • शहीद मैदान, धुर्वा
  • रामपुर रिंग रोड से रांची सिटी रोड
  • तिलता रिंग रोड से रांची सिटी रोड
  • पिस्कामोड़ से रवि स्टील चौक
  • पंडरा
  • हिनू एयरपोर्ट रोड
  • सैटेलाइट कॉलोनी से डिबडीह ब्रिज
  • रांची कॉलेज प्ले ग्राउंड से स्टेट गेस्ट हाउस
  • मेसरा रेलवे ओवरब्रिज से डीपीएस ग्रेटर रांची

सड़क सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि SVD कैमरे लगाने का मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क हादसों को कम करना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क पर वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का ध्यान रखें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *