Ranchi : ग्रामीण विकास विभाग में हुए चर्चित टेंडर घोटाला मामले में आरोपी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अजय कुमार ने शुक्रवार को रांची स्थित PMLA की विशेष अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. कोर्ट में सरेंडर करने के बाद उन्हें सशर्त जमानत दे दी गई. अदालत ने एक लाख रुपये के निजी मुचलके, पासपोर्ट जमा करने और बिना अनुमति देश छोड़कर नहीं जाने की शर्त पर उनकी बेल याचिका स्वीकार की.
बताया जा रहा है कि इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से हाल ही में पूरक चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है. ED ने प्रमोद कुमार समेत 14 अन्य आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है, जिस पर कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ समन जारी किया है.
चार्जशीट दाखिल होने के बाद कई आरोपी कोर्ट में सरेंडर कर चुके हैं और उन्हें जमानत भी मिल चुकी है. अजय कुमार वर्तमान में ग्रामीण विकास विभाग में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. मामले में ED की जांच और न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है.