वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने की तैयारी कर रहे एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली पहले फर्श से टकराई और फिर पास खड़े एक युवक के हाथ तथा महिला की जांघ में जा लगी। हादसे में दोनों घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था। एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान उसने अपने पास मौजूद पिस्टल और मैगजीन की जानकारी सुरक्षा अधिकारियों को पहले ही दे दी थी। इसी दौरान हथियार को संभालते समय अचानक फायर हो गया। गोली फर्श से टकराने के बाद वहां मौजूद दो लोगों को लग गई। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। घायलों को तत्काल हरहुआ स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पिस्टल से गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी पड़ताल की जा रही है।