रांची: झारखंड के होनहार मार्शल आर्ट खिलाड़ी अरहान आलम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और राज्य का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित 18वीं WEKAF वर्ल्ड अरनीस चैंपियनशिप 2026 में अरहान ने अपने वर्ग में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के 27 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच अरहान ने अपने उत्कृष्ट कौशल, आत्मविश्वास और शानदार प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम कर भारत का तिरंगा बुलंद किया। महज 13 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतना अरहान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उनकी इस सफलता से न केवल भारत, बल्कि झारखंड का भी गौरव बढ़ा है।
अरहान आलम डीएवी पब्लिक स्कूल, रांची के कक्षा आठवीं के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल, शिक्षकों, परिजनों और पूरे राज्य में खुशी का माहौल है। अपनी सफलता पर अरहान ने कहा कि इस जीत का पूरा श्रेय उनके कोच शिफू विश्वजीत कर्मकार, अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों को जाता है, जिनके मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं।अरहान ने बताया कि उनका सपना अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और झारखंड का नाम रोशन करना था। अब गोल्ड मेडल जीतकर उनका यह सपना साकार हो गया है। उनकी यह उपलब्धि राज्य के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।