SIR पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, चतरा में एक दिन में 1,113 फॉर्म-7 पर जांच की मांग

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी कई मांगें मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के सामने रखी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर पार्टी महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि SIR के दौरान जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी सुनवाई में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। पार्टी ने सुनवाई की प्रक्रिया को तेज करने के लिए अतिरिक्त केंद्र खोलने और पर्याप्त अधिकारियों की तैनाती का सुझाव दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित फॉर्म-6, 7 और 8 की विधानसभा-वार जानकारी नियमित रूप से राजनीतिक दलों के साथ साझा करने की मांग की। कांग्रेस के मुताबिक, यह जानकारी फॉर्मेट-9, 10, 11ए और 11बी के आधार पर जिला स्तर पर बीएलए-1 और बीएलए-2 तथा राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त दलों को हर सप्ताह उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

चतरा में फॉर्म-7 की संख्या पर कांग्रेस ने जताई चिंता

बैठक के दौरान चतरा विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 के अचानक बढ़ने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि यहां एक ही दिन में 1,113 फॉर्म-7 जमा किए जाने की जानकारी सामने आई है। पार्टी ने इस संख्या की जांच कराने और यह स्पष्ट करने की मांग की कि इतनी बड़ी संख्या में आवेदन किन परिस्थितियों में जमा हुए।

कांग्रेस ने जांच के बाद इसकी विस्तृत जानकारी फॉर्मेट-10 में उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

बूथों की नई सूची और बीसी-1 में सुधार की मांग

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बूथों के पुनर्गठन के बाद पुराने और नए बूथ नंबरों की संशोधित सूची सभी राजनीतिक दलों को जल्द उपलब्ध कराने की मांग की। नेताओं का कहना था कि अपडेटेड सूची मिलने से SIR की प्रक्रिया को लेकर जमीनी स्तर पर भ्रम की स्थिति कम होगी। इसके अलावा बीसी-1 सूची के क्रमांक 3342 में दर्ज तकनीकी त्रुटियों को सही जाति प्रमाण पत्र के आधार पर दुरुस्त करने का आग्रह किया गया। कांग्रेस ने कहा कि दस्तावेजों में तकनीकी गलती की वजह से किसी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाए गए मुद्दों पर जल्द कार्रवाई और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *