रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में संचालित अवैध हथियार निर्माण गिरोह के खिलाफ रामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 8 जुलाई को अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने के बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और 9 जुलाई को गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को दबोच लिया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
पुलिस को 8 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि भुरकुंडा इलाके में अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी की, जहां से एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ। मौके से हथियार बनाने में प्रयुक्त मशीनें, उपकरण और बड़ी मात्रा में कल-पुर्जे बरामद किए गए। उस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में 9 जुलाई को पुलिस ने मामले के दो नामजद आरोपियों के साथ जांच में सामने आए एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल विश्वकर्मा, इबरार और रईस खान के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि इस अवैध हथियार निर्माण नेटवर्क के तार झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री में बने हथियारों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड कौन है। मामले में आगे की जांच जारी है।