साहेबगंज: झारखंड के साहेबगंज में कैटरिंग संचालक मुन्ना साह (45) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार और रूपेश कुमार पासवान के रूप में हुई है। इनमें पवन कुमार बोकारो जिले के चास अनुमंडल के एसडीओ का अंगरक्षक था, जबकि रूपेश कुमार पासवान देवघर विधायक सुरेश पासवान का बॉडीगार्ड बताया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की बात सामने आई है। बताया जाता है कि मृतक मुन्ना साह और आरोपी पवन कुमार पड़ोसी थे। करीब एक महीने पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद ने दीपावली की रात खूनी रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात पूजा-पाठ के बाद मुन्ना साह अपने घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान पवन कुमार और रूपेश कुमार पासवान बाइक से वहां पहुंचे। आरोप है कि पवन बाइक से उतरकर मुन्ना साह से बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर पवन ने अपनी सर्विस पिस्तौल से गोली चला दी। गोली रूपेश के हाथ को छूते हुए मुन्ना साह के सिर में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल मुन्ना साह को साहेबगंज सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाद में भागलपुर के मायागंज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद
साहेबगंज एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे अंशु कुमार शाह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, 34 जिंदा कारतूस समेत कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी बात सामने आई है कि आरोपी पवन कुमार बिना छुट्टी लिए अपनी सरकारी सर्विस पिस्तौल लेकर साहेबगंज पहुंचा था। पुलिस नियमों के मुताबिक, अवकाश पर जाने से पहले पुलिसकर्मियों को अपना सरकारी हथियार संबंधित थाने या बैरक में जमा करना अनिवार्य होता है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी, सरकारी हथियारों की सुरक्षा और उनके इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।