रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की तैयारी शुरू हो गई है। छठ घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और संभावित हादसों को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम अलर्ट मोड में आ गई है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह NDRF के जवानों की विशेष टीम रांची के प्रसिद्ध धुर्वा डैम पहुंची। यहां जवानों ने सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अपनी मुस्तैदी दिखाई।
छठ महापर्व के दौरान नदी, तालाब और डैम के किनारे बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इस दौरान गहरे पानी में जाने, डूबने या अन्य दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए NDRF की टीम ने धुर्वा डैम परिसर और आसपास के इलाकों में फ्लैग मार्च और रूट मार्च निकाला। इस अभियान के जरिए जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ आपदा की स्थिति में त्वरित बचाव और राहत कार्यों के लिए अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। NDRF की सक्रियता से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।