रांची: राजधानी रांची के मोराबादी स्थित दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र में प्राकृतिक खेती और श्री अन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। झारखंड भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने किया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी भावेशानंद, भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी समेत प्रदेशभर से आए सैकड़ों किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी भावेशानंद ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और किसानों की समृद्धि के बिना देश के विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरु बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसकी आधारशिला कृषि और अन्नदाता किसान ही हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक के साथ प्राकृतिक खेती को अपनाने का आग्रह किया।
वहीं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने रासायनिक खाद और कीटनाशकों के बढ़ते उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन हासिल कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की प्राकृतिक खेती से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यशाला में विशेषज्ञ डॉ. बिसाखा सिंह ने श्री अन्न (मिलेट्स) के पोषण और स्वास्थ्य लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मड़ुवा सहित अन्य मोटे अनाज कैल्शियम, आयरन, फाइबर और कई आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं तथा इनके नियमित सेवन से स्वास्थ्य बेहतर रहता है।
डॉ. अजित कुमार सिंह ने प्राकृतिक खेती में गोमूत्र, गोबर, बेसन और गुड़ से तैयार जैविक घोल एवं खाद बनाने की विधि और उसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैविक खाद के उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है, उत्पादन लागत घटती है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह, राजेश कुशवाहा, अरबिंद्र सिंह खुराना, विनोद ठाकुर, अजय मुंडा, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिला पूर्वी अध्यक्ष धीरज कुमार महतो, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, सुरेंद्र महतो, सज्जन कुमार पंकज, संजय मंडल, अवदेश दुबे, बिट्टी सहदेव सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में किसानों ने प्राकृतिक खेती और श्री अन्न के उत्पादन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया तथा विशेषज्ञों के सुझावों को अपने खेतों में अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।
प्राकृतिक खेती और श्री अन्न को बढ़ावा देने पर जोर, रांची में भाजपा किसान मोर्चा की कार्यशाला आयोजित
Leave a Comment