रांची: डोरंडा के न्यू काली पूजा परिसर, काली मंदिर रोड में आज से गणेश भक्ति का रंग चढ़ने वाला है। श्री गणेश पूजा समिति के 15वें वार्षिक गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ सोमवार, 14 सितंबर को शाम 5 बजे किया जाएगा। इस मौके पर आकर्षक पूजा पंडाल का उद्घाटन होगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, दीपू सिंहा, आलोक दुबे समेत समिति के पदाधिकारी और कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
नोटों की माला से सजेगा गणपति दरबार
इस बार गणेश महोत्सव में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को नोटों की माला से सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं गणपति बप्पा को पूजा-अर्चना के दौरान 151 किलोग्राम लड्डू का भोग अर्पित किया जाएगा।
पांच दिनों तक चलेगा भव्य आयोजन
गणेश महोत्सव 14 से 18 सितंबर तक पांच दिनों तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण के साथ विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव को लेकर डोरंडा और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। समिति की ओर से आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समिति पदाधिकारियों के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना है। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।