बोकारो/रांची: झारखंड के चर्चित बोकारो ट्रेजरी वेतन घोटाले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की विशेष जांच टीम (SIT) ने एक और अहम कदम उठाया है। जांच के क्रम में टीम ने बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में कार्यरत महिला कर्मचारी काजल मंडल को हिरासत में लिया है।
हिरासत में लेने के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया, जहां उससे घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि बोकारो ट्रेजरी से करोड़ों रुपये की फर्जी वेतन निकासी का मामला सामने आने के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई थी। जांच में यह खुलासा हुआ है कि ट्रेजरी अधिकारियों और पुलिस विभाग के कुछ कर्मियों की मिलीभगत से फर्जी नामों पर वेतन निकाला जा रहा था।
अब तक की जांच में करीब 10 करोड़ रुपये के मनी ट्रेल का पता चल चुका है, जिससे यह साफ होता है कि घोटाला काफी बड़े स्तर पर किया गया था। CID इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।