रांची-धनबाद-रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर प्रिंस खान का करीबी गिरफ्तार

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रामगढ़: जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी माने जाने वाले शिवराज उर्फ शिवा डोम को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवा डोम क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, करीब 60 जिंदा कारतूस और आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की। घायल शिवा डोम को प्राथमिक उपचार के लिए सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिवराज उर्फ शिवा डोम कई संगीन मामलों में वांछित है और उसका नाम गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़ता रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।

संयुक्त पुलिस टीम की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही आगे भी महत्वपूर्ण कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *