रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में सामने आ रही लगातार त्रुटियों को लेकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कड़ा रुख अपनाया है। राजभवन ने इस मामले को गंभीर मानते हुए आयोग के अध्यक्ष को पत्र भेजकर स्पष्टीकरण तलब किया है।
राज्यपाल ने विशेष रूप से सहायक वन संरक्षक (ACF) मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी में हुई गलतियों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है और इससे परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यपाल ने उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही आयोग को भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल किया जा सके।