रांची: में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी ने बोकारो जिले के फुसरो क्षेत्र में भुइयां समाज की एक गर्भवती महिला की हत्या के मामले को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बावरी ने कहा कि इस जघन्य घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि मामले के मुख्य आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इसके साथ ही घटना के बाद नियमों की अनदेखी कर रात में पोस्टमार्टम करने वाले मेडिकल स्टाफ और मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
अमर कुमार बावरी ने आरोप लगाया कि भुइयां समाज के लोगों के साथ हुई मारपीट और महिला की हत्या की घटना में शामिल लोगों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भाजपा नेता ने राज्य सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पश्चिम बंगाल की पूर्ववर्ती शासन व्यवस्था की तर्ज पर काम कर रही है, जहां अपराधियों के हौसले बुलंद रहते हैं और आम लोगों को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ता है। बावरी ने कहा कि बोकारो जिले में दलित समाज के खिलाफ लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने बताया कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को फुसरो जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई में हर संभव सहयोग देगा।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व फुसरो क्षेत्र में भुइयां समाज की चार माह की गर्भवती महिला की उसके पति के सामने कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि घटना के बाद अपराधियों ने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए रात में ही महिला का पोस्टमार्टम करवाया। इतना ही नहीं, शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने का भी प्रयास किया गया, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध और आक्रोश के कारण यह संभव नहीं हो सका। इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।