रांची में देर रात पुलिस का मेगा चेकिंग अभियान, तीनों SP खुद उतरे सड़क पर; ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: राजधानी रांची में रविवार देर रात पुलिस ने अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जांच अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया, जिसमें सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी और ग्रामीण एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मैदान में नजर आए।

अभियान के तहत शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और प्रवेश-निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस टीमों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की, वहीं संदिग्ध वाहनों की तलाशी भी ली गई। अधिकारियों की मौजूदगी के कारण देर रात सड़कों पर पुलिस की गतिविधियां काफी तेज नजर आईं।

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर की मदद से वाहन चालकों की जांच की गई। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को जब्त किया गया।

पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए वाहनों की डिक्की और केबिन की भी जांच की। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य अवैध हथियारों, प्रतिबंधित सामग्री और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।

अभियान के दौरान सिटी एसपी ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क पर हुड़दंग, स्टंटबाजी या कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *