रांची: नीट पेपर लीक मामले पर झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार को राजनीतिक तापमान चरम पर पहुंच गया। कांग्रेस के भाजपा प्रदेश कार्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान हरमू रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को पार करने की कोशिश की। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विरोध-प्रदर्शन सियासी टकराव में बदल गया।
दोनों दलों के समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल इतना गर्म हो गया कि कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर अंडे और टमाटर फेंकने शुरू कर दिए। कुछ देर तक हरमू रोड का इलाका राजनीतिक रणक्षेत्र में तब्दील नजर आया।
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग करने के लिए सुरक्षा घेरा बनाया और अतिरिक्त बल को भी मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया जा सका।
कांग्रेस जहां केंद्र सरकार पर नीट पेपर लीक मामले में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर रही थी, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का जवाब देने के लिए मोर्चा संभाल लिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।