रांची: झारखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार कौशल विकास के जरिए युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। आगामी 23 नवंबर को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और कौशल प्रशिक्षण पूरा करने वाले 3,044 चयनित युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
इस समारोह के जरिए राज्य के युवाओं को रोजगार का तोहफा देने के साथ उनके कौशल और उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
सीएम हेमंत सोरेन को दिया गया आमंत्रण
कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में शनिवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अधिकारियों और संस्था के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा, अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी और प्रेझा (PREJHA) फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को समारोह में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
इस अवसर पर प्रेझा फाउंडेशन की चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर मीनाक्षी कुमार, स्टेट लीड गवर्नमेंट इंगेजमेंट अमित वाल्मीकि और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर चितरंजन सामंत राय भी मौजूद रहे।
कौशल प्रशिक्षण से रोजगार तक पहुंचे युवा
राज्य सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराना है। कल्याण विभाग और प्रेझा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित कौशल विकास केंद्रों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं का चयन देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों में हुआ है।
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल
सरकार का प्रयास है कि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें नौकरी के बेहतर अवसर मिल सकें। 3,044 युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपने का यह कार्यक्रम झारखंड में कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।