देवघर: में राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी और अंतिम सोमवारी पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में कांवरिया और शिवभक्त बाबा नगरी पहुंचे हैं। पूरा देवघर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा है।
सुबह 4:13 बजे खुले बाबा मंदिर के पट
अंतिम सोमवारी को लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विशेष तैयारियां की गई थीं। सोमवार सुबह 4:13 बजे मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद विधि-विधान से सरकारी पूजा संपन्न हुई और आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण शुरू कर दिया गया।
रात से ही कतार में लगे कांवरिए
अंतिम सोमवारी पर बाबा को जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। रविवार देर रात से ही कांवरियों की भीड़ बढ़ने लगी थी। रात करीब 2 बजे तक श्रद्धालुओं की कतार मंदिर परिसर से काफी दूर नंदन पहाड़ तक पहुंच गई थी।
सुबह होते-होते रूट लाइन में कांवरियों की संख्या और बढ़ गई। गेरुआ वस्त्र पहने शिवभक्त लंबी कतारों में अनुशासन के साथ अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। थकान के बावजूद भक्तों में बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर उत्साह बना हुआ है।
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कांवरियों को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने के लिए पूरे रूट पर बैरिकेडिंग की गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्ते में पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है। वहीं सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरे मेला क्षेत्र और रूट लाइन की निगरानी की जा रही है।
अंतिम सोमवारी पर बाबा नगरी पूरी तरह शिवमय नजर आ रही है। चारों ओर गूंजते ‘बोल बम’ के जयघोष, गेरुआ वस्त्रधारी कांवरियों की भीड़ और बाबा बैद्यनाथ के प्रति अटूट आस्था ने देवघर के माहौल को भक्तिमय और अलौकिक बना दिया है।