रांची: राज्य में विकास योजनाओं को गति देने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 13 जुलाई से विभागवार समीक्षा बैठकों की शुरुआत करेंगे। दिल्ली में आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को देखते हुए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव कर नई समय-सारणी जारी की गई है।
मुख्यमंत्री बैठकों में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, बजट व्यय, लंबित परियोजनाओं और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की गहन समीक्षा करेंगे। उनका स्पष्ट निर्देश है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे। जिन परियोजनाओं में प्रगति संतोषजनक नहीं होगी, वहां अधिकारियों से जवाब-तलब भी किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा कर विकास कार्यों को नई रफ्तार देना है।
समीक्षा बैठकों का कार्यक्रम:
13 जुलाई – उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग
15 जुलाई – पथ निर्माण विभाग
17 जुलाई – कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग
20 जुलाई – वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग
22 जुलाई – सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग
24 जुलाई – उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग
27 जुलाई – ऊर्जा विभाग
29 जुलाई – कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग (संयुक्त बैठक)