रांची: नेता प्रतिपक्ष Babulal Marandi ने बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में महिला कैदी के साथ कथित यौन शोषण और उसे गर्भवती किए जाने के गंभीर मामले को लेकर मुख्यमंत्री Hemant Soren को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय कार्रवाई की मांग की है।
मरांडी ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि कारागार अधीक्षक द्वारा महिला बंदी का यौन शोषण किया गया, जबकि कारा महानिरीक्षक ने पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल जेल प्रशासन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें राज्य के प्रशासनिक तंत्र की सीधी संलिप्तता भी दिखाई दे रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले के मुख्य आरोपी काराधीक्षक को तत्काल सेवामुक्त कर गिरफ्तार किया जाए। साथ ही, साक्ष्यों को मिटाने और न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप में कारा महानिरीक्षक के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए।
मरांडी ने कहा कि यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था और जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए दोषियों को कठोर सजा देने की बात कही है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस तरह के संवेदनशील मामलों में दोषियों को संरक्षण मिलता रहा, तो आम जनता का न्याय व्यवस्था और प्रशासन पर विश्वास कमजोर होगा।