गोड्डा: महागामा थाना पुलिस ने सोना-चांदी चमकाने के नाम पर एक 76 वर्षीय महिला से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर ठगी का पिघला हुआ सोना, 18 हजार रुपये नकद, सोना साफ करने का सामान और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को महागामा थाना क्षेत्र के उर्जानगर निवासी 76 वर्षीय कांता देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात युवक सोना-चांदी चमकाने का झांसा देकर उनके सोने के आभूषण ठगकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर महागामा थाना कांड संख्या 129/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान राजेश कुमार साह (25) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पिघला हुआ सोना, सोना साफ करने वाले ब्रश, लिक्विड, शाइनिंग पाउडर, घटना में प्रयुक्त काला शर्ट, वुडलैंड के जूते, सोना बेचकर प्राप्त 18 हजार रुपये नकद और अपाचे मोटरसाइकिल (BR10AS3660) जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।