तरुण घोष मेमोरियल गोल्ड टूर्नामेंट का शानदार आयोजन, टीजीएफसी धुर्वा और सेंबो एफसी बने संयुक्त विजेता

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: रांची के धुर्वा स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में विख्यात फुटबॉल खिलाड़ी एवं कोच स्वर्गीय तरुण घोष की स्मृति में आयोजित “तरुण घोष मेमोरियल गोल्ड टूर्नामेंट” के तीसरे संस्करण का सफल समापन हुआ। एक दिवसीय इस टूर्नामेंट का आयोजन तरुण घोष फुटबॉल क्लब (टीजीएफसी), धुर्वा द्वारा उनकी धर्मपत्नी केया घोष और सुपुत्री जिनिया घोष के नेतृत्व में किया गया।

टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया, जहां फाइनल मुकाबला टीजीएफसी धुर्वा और सेंबो एफसी के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसके बाद दोनों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश, जुनून और खेल भावना दर्शकों को खूब पसंद आई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शाह देव ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “तरुण दा का फुटबॉल के क्षेत्र में योगदान अविस्मरणीय है। उनकी विरासत को जिस समर्पण से केया घोष और जिनिया घोष आगे बढ़ा रही हैं, वह बेहद प्रेरणादायी है।”

स्वर्गीय तरुण घोष ने वर्ष 1980 में इस क्लब की स्थापना की थी। वे न केवल खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण देते थे, बल्कि जरूरतमंद खिलाड़ियों को अपने खर्च पर खेल सामग्री भी उपलब्ध कराते थे। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षित कई खिलाड़ी आज राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।

वर्ष 2021 में उनके निधन के बाद से एकेडमी का संचालन केया घोष और जिनिया घोष द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में कोच अविनाश टोप्पो के मार्गदर्शन में खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और राज्य का नाम ऊंचा कर रहे हैं।

टूर्नामेंट के दौरान फैंटेसी कल्चरल एकेडमी के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

इस मौके पर वार्ड 40 की पार्षद सुचिता रानी राय, वार्ड 37 के पार्षद परमेश्वर सिंह, वार्ड 39 की पार्षद शीला देवी, सिम्मी सिंह, समाजसेवी माधो कच्छप, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी मोतीलाल प्रधान, जेएफए कॉर्डिनेटर आशीष बोस, देबांशु डे, सिद्धार्थ नंदी, गुरदीप सिंह, राजकुमार सेनापति, इम्तियाज आलम, रवि कांत, महली गाड़ी, शिव वचन, प्रभात कुमार राजन समेत कई खेलप्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *