Jamshedpur: जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपोड़ा–नागुड़साईं इलाके में एक बार फिर द्वितीय विश्व युद्ध के समय का जीवित बम मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार देर रात स्वर्णरेखा नदी के किनारे इस खतरनाक विस्फोटक के मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण नदी का जलस्तर काफी कम हो गया है। इसी दौरान रात में मछली पकड़ने गए ग्रामीणों की नजर रेत के बीच पड़ी एक बड़ी लोहे जैसी वस्तु पर गई। शक होने पर जब उन्होंने करीब जाकर देखा तो वह एक शक्तिशाली बम निकला। इसके बाद तुरंत पुलिस और स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है जब इस इलाके से युद्धकालीन बम बरामद हुआ है। इससे पहले 17 मार्च को भी स्वर्णरेखा नदी किनारे मिले बम को सेना की विशेषज्ञ टीम ने अमेरिकी निर्मित बताया था। उसे निष्क्रिय करने में करीब आठ दिन का समय लगा था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे नदी क्षेत्र और आसपास के इलाकों की आधुनिक तकनीक से जांच कराई जाए, ताकि जमीन के नीचे छिपे अन्य विस्फोटकों का पता लगाया जा सके। साथ ही, इलाके को पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।