Ranchi: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलधार बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी और हीट वेव से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। राजधानी Ranchi समेत बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग और रामगढ़ में मौसम सुहावना हो गया।
बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ों की डालियां टूट गईं, वहीं कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। हालांकि किसानों और आम लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान करीब 70 प्रतिशत बारिश की संभावना है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों में नहीं रुकने की अपील की है।
मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली है। शाम होते ही कई शहरों में ठंडी हवाएं चलने लगीं और मौसम पूरी तरह खुशनुमा हो गया।