रांची: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन “सतर्क” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नामकुम रेलवे स्टेशन पर 18 बोतल विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 17 जून 2026 को ट्रेन संख्या 18626 एक्सप्रेस के आगमन के दौरान चलाए गए विशेष जांच अभियान में की गई।
आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट रांची के संयुक्त अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक रवि शेखर ने किया। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग के साथ ट्रेन में चढ़ते हुए दिखाई दिया। संदेह होने पर उसे रोककर सामान की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 18 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान जीशान कुमार (19 वर्ष), निवासी बिहार शरीफ, नालंदा (बिहार) के रूप में बताई। वह शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि शराब को रांची से खरीदकर बिहार ले जाया जा रहा था, जहां उसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
आरपीएफ ने सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 हजार रुपये बताई गई है। आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी और जब्त शराब को उत्पाद विभाग, रांची के हवाले कर दिया गया।