स्वतंत्रता दिवस से पहले बंगाल में हड़कंप, 2 जिलों से 24 देसी बम बरामद

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

कोलकाता/पश्चिम बंगाल: स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में देसी बम बरामद होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया। पूर्व बर्द्धमान और बीरभूम जिले में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 24 जिंदा देसी बम बरामद किए। दोनों स्थानों पर बम निरोधक दस्तों ने पहुंचकर विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।

पूर्व बर्द्धमान में झाड़ियों के बीच मिले 4 बम

पूर्व बर्द्धमान के कलना थाना क्षेत्र के नूतनचर गांव में स्थानीय लोगों की नजर सुनसान इलाके में पड़े चार संदिग्ध देसी बमों पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। टीम ने सावधानीपूर्वक चारों बमों को नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में भी जांच शुरू कर दी।

बीरभूम में छत पर घड़े से मिले 20 बम

वहीं, बीरभूम जिले के मल्लारपुर थाना क्षेत्र के कोट गांव में पुलिस को एक मकान की छत पर रखे मिट्टी के घड़े से करीब 20 जिंदा देसी बम मिले। इतनी बड़ी संख्या में विस्फोटक मिलने के बाद पुलिस ने मकान और आसपास के इलाके को सील कर दिया। सीआईडी के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सभी बमों को सुरक्षित कब्जे में लिया। बाद में उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाकर निष्क्रिय कर दिया गया।

स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

एक ही दिन में दो जिलों से 24 देसी बम मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन विस्फोटकों को वहां किसने रखा था और इनके पीछे किसका हाथ है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में बम बरामद होने से पुलिस की निगरानी और गश्त व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल दोनों मामलों में जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *