Ranchi: राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक के पास मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार अपराधियों ने एक यात्री बस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बस में सवार यात्री डर से सहम गए. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.
मिली जानकारी के अनुसार, तीन अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे और “जीवन ज्योति” नामक यात्री बस को निशाना बनाते हुए गोलियां चला दीं. गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे.
घटना के दौरान अरगोड़ा थाना की पीसीआर और पेट्रोलिंग टीम इलाके में मौजूद थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत अपराधियों का पीछा शुरू कर दिया. घेराबंदी कर पुलिस ने एक आरोपी को मौके से ही दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए.
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी के पास से घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि फरार अपराधियों की पहचान और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.