रांची: राज्य मंत्रिपरिषद की सोमवार को हुई बैठक में जनहित से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। कुल 23 प्रस्तावों पर सहमति बनी, जिनमें वन्यजीवों के हमले से प्रभावित लोगों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता बढ़ाने का निर्णय प्रमुख रहा।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार, जंगली जानवरों के हमले में किसी व्यक्ति की मौत होने पर अब मृतक के आश्रितों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। पहले यह सहायता राशि 4 लाख रुपये थी। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को अब 2 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि पहले 1.5 लाख रुपये दिए जाते थे।
इसके अलावा सामान्य रूप से घायल होने पर मिलने वाली सहायता राशि 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 35 हजार रुपये कर दी गई है। स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में मुआवजे की राशि भी बढ़ाकर 3.50 लाख रुपये कर दी गई है, जो पहले 3.25 लाख रुपये थी।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सरकारी विभागों में संविदा के आधार पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों और डेटा एंट्री ऑपरेटरों के वेतन भुगतान की व्यवस्था में एकरूपता लाने को मंजूरी दी गई। सरकार के इस कदम से राज्यभर में कार्यरत हजारों संविदाकर्मियों को लाभ मिलने की संभावना है।