रांची: आगजनी की घटनाओं से तेज़ और प्रभावी ढंग से निपटने के लिए झारखंड सरकार ने अग्निशमन सेवा को बड़ी सौगात दी है। गुरुवार को धुर्वा स्थित होमगार्ड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 58 आधुनिक ‘मिनी टेंडर वाटर विथ मिस्ट टेक्नोलॉजी’ फायर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के शामिल होने से राज्य की फायर ब्रिगेड पहले से अधिक आधुनिक और सक्षम हो गई है।

अब तंग गलियां नहीं बनेंगी बाधा
राज्य के कई शहरों और कस्बों में संकरी गलियों व घनी आबादी वाले इलाकों में आग लगने पर बड़े दमकल वाहनों के पहुंचने में परेशानी होती थी। नई मिनी फायर टेंडर गाड़ियां इसी चुनौती को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। छोटे आकार की वजह से ये वाहन तंग रास्तों में भी आसानी से पहुंच सकेंगे और शुरुआती चरण में ही आग पर नियंत्रण पाने में मदद करेंगे।
कम पानी, ज्यादा असर
इन वाहनों में इस्तेमाल की गई मिस्ट टेक्नोलॉजी आग बुझाने की आधुनिक प्रणाली है, जिसमें पानी की महीन फुहार के जरिए कम पानी में भी प्रभावी ढंग से आग पर काबू पाया जाता है। इससे पानी की बचत होगी और आपात स्थिति में राहत कार्य पहले से अधिक तेज़ और प्रभावी होगा।
CM बोले- सुरक्षा व्यवस्था को बनाया जा रहा आधुनिक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बदलते समय के साथ आपदा प्रबंधन और अग्निशमन सेवाओं को भी आधुनिक तकनीक से लैस करना जरूरी है। सरकार लगातार ऐसे संसाधन उपलब्ध करा रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई कर लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह सचिव वंदना दादेल, डीजी एमएस भाटिया, डीजीपी तदाशा मिश्रा, एडीजी मनोज कौशिक, आईजी प्रभात कुमार, आईजी पंकज कंबोज, आईजी नरेंद्र सिंह, आईजी अनूप बिरथरे, आईजी मयूर पटेल, आईजी सुनील भास्कर, डीआईजी शैलेंद्र वर्णवाल, डीआईजी कार्तिक एस, एसएसपी राकेश रंजन, एसपी दीपक शर्मा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।