रांची: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रांची पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
पार्किंग से लेकर रूट डायवर्जन तक की जांच
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग स्थलों, वाहनों के व्यवस्थित पड़ाव, बैरिकेडिंग और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था की समीक्षा की गई। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, नगर; पुलिस अधीक्षक, यातायात; अपर पुलिस अधीक्षक, कोतवाली; पुलिस उपाधीक्षक, नगर और संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
रांची पुलिस ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।