रांची: दुर्गापूजा के दौरान राजधानी रांची में श्रद्धालुओं और आम लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विकास योजनाओं, अतिक्रमण, यातायात और विधि-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक हुई।बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था धनंजय समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में दुर्गापूजा के दौरान प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुख्य सड़कों से हटेंगे अनावश्यक कट्स
उपायुक्त ने शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर बने अनधिकृत एवं अनावश्यक कट्स को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया। यातायात में बाधा बनने वाले कट्स को प्राथमिकता के आधार पर हटाने को कहा गया। साथ ही, ऐसे स्थानों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया जहां दुर्गापूजा के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है।
अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जे पर रोक
प्रशासन ने अतिक्रमण हटाए गए स्थानों पर दोबारा कब्जा नहीं होने देने पर भी विशेष जोर दिया। इसके लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और माइकिंग के जरिए लोगों को अतिक्रमण नहीं करने की जानकारी देने का निर्देश दिया गया।
सभी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए जगह होगी चिन्हित
शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यवस्थित वेंडिंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम को अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय कर वेंडर मार्केट के लिए जमीन की सूची तैयार करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य फुटपाथ और सड़क किनारे अनियमित तरीके से दुकान लगाने की समस्या को नियंत्रित करना है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में उपलब्ध खाली सरकारी जमीन को भी चिन्हित कर उसकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि भविष्य की जनोपयोगी और विकास योजनाओं के लिए सरकारी भूमि का उपयोग किया जा सके।
अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई
बैठक में यातायात नियमों के उल्लंघन पर ऑटोमैटिक चालान की व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त सड़कों और जाम वाले इलाकों में अवैध पार्किंग तथा सड़क किनारे अनधिकृत कब्जे के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बेतरतीब केबल और सड़क पर छोड़े गए गड्ढों पर सख्ती
बिजली के खंभों पर बेतरतीब तरीके से लगाए गए केबल को हटाने के लिए विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, GAIL और संबंधित ठेकेदारों को सड़क पर काम पूरा होने के बाद गड्ढों को भरकर सड़क की स्थिति पूर्ववत करने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क पर काम के बाद किसी भी तरह की अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
बैठक के दौरान जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि रांची को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और सुगम शहर बनाने के लिए सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से पालन करना होगा। दुर्गापूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक, विधि-व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण और शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।