रांची: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन सोमवार को बेहद उग्र हो गया। विधानसभा घेराव के लिए निकले प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कई बैरिकेडिंग को पार करते हुए विधानसभा के गेट तक पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारी लगातार आगे बढ़ते रहे। कई चरणों की बैरिकेडिंग पार करने के बाद छात्र विधानसभा परिसर के गेट के करीब पहुंच गए। मौके पर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बल लगातार प्रयास कर रहे हैं। विधानसभा के आसपास तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। छात्रों का कहना है कि JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए विधानसभा घेराव पर अड़े हुए हैं। वहीं, विधानसभा के मानसून सत्र के बीच छात्रों के इस प्रदर्शन ने सरकार और प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकार छात्रों की मांगों पर कोई ठोस फैसला लेगी या आंदोलन और ज्यादा उग्र होगा?