गिरिडीह: नगर थाना पुलिस ने जनसंपर्क कार्यालय में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गए इनवर्टर, बैटरी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। गुरुवार को नगर थाना परिसर में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में डीएसपी नीरज सिंह और थाना प्रभारी रतन सिंह ने बताया कि चोरी की घटना के बाद विशेष टीम का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के क्रम में दो संदिग्धों की पहचान हुई, जिन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरियाधोड़ा निवासी मोहम्मद वारिस और नगर थाना क्षेत्र के न्यू चूड़ी मोहल्ला निवासी महताब अंसारी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने जनसंपर्क कार्यालय में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल और चोरी किए गए सामान को बरामद कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का पूर्ण खुलासा कर दिया जाएगा।