रांची: धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर मंदिर में 16 जुलाई से शुरू होने वाली ऐतिहासिक रथ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन और रथ यात्रा आयोजन समिति ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
रविवार को रथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीजी मनोज कौशिक, सीनियर एसएसपी, ट्रैफिक एसपी, स्थानीय डीएसपी, विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान रथ यात्रा मार्ग की सुरक्षा, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, मेला क्षेत्र की निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीजी मनोज कौशिक ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा शुरू होने से लेकर मेले के समापन तक सभी अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करें और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करें।
एडीजी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ रथ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।