धनबाद: धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर धमकी और रंगदारी मांगने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बाद अब धनबाद के बीजेपी सांसद ढुलू महतो को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज भेजा गया है। मैसेज में रंगदारी की मांग करते हुए रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
सांसद ढुलू महतो ने इस मामले की शिकायत धनबाद के एसएसपी से की है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने के साथ अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है।
इससे पहले भी निरसा विधायक अरूप चटर्जी को इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। लगातार जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ऑडियो मैसेज की सत्यता, उसके स्रोत और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।