रांची में ब्राउन शुगर तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 14 पुड़िया के साथ पैडलर गिरफ्तार

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: राजधानी रांची में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के एक पैडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 14 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 2.33 ग्राम है, बरामद किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथ मंदिर के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक, हटिया के नेतृत्व में धुर्वा, विधानसभा और जगन्नाथपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान धुर्वा थाना क्षेत्र के टंकी साइड से बंटी कुमार (28), पिता रामनारायण शाह, को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 14 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 2.33 ग्राम पाया गया।

इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 152/2026, दिनांक 6 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(ए), 22(बी) और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले पदार्थ की आपूर्ति कहां से करता था और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ धुर्वा, नागड़ी और जगन्नाथपुर थानों में डकैती, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत तीन मामले पहले से दर्ज हैं।

रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *